Last Updated on April 17, 2020 by Shiv Nath Hari
राजस्थान: गृह रक्षा राज्य मंत्री ने सिविल डिफेंस, होमगार्ड को बीमा सुविधा देने पर मुख्यमंत्री का किया आभार व्यक्त

भरतपुर, (17 अप्रैल) गृह रक्षा एवं कृषि राज्य मंत्री भजनलाल जाटव वीडियो काॅफे्रंसिग के माध्यम से शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के सम्बंध में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया।
गृह रक्षा एवं कृषि राज्य मंत्री ने वीडियो काॅफे्रंसिग में कोरोना महामारी के दौरान ड्यूटी पर कार्यरत कार्मिकों के 50 लाख रूपये के बीमा में सिविल डिफेंस, होमगार्ड, संविदा कार्मिक एवं सफाई कर्मचारियों को भी शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आग्रह किया कि सरसों की समर्थन मूल्य पर 1 मई से प्रस्तावित खरीद को 20 अप्रैल से ही शुरू किया जाये ताकि किसानों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि दक्षिण भारतीय राज्यों में फंसे प्रदेश के श्रमिकों को वहां कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड रहा है, उन्हें वापिस लाने का प्रबंध करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि उपखण्ड स्तर पर भी जारी की जाये ताकि ग्राम पंचायत स्तर तक क्वारेंटाईन सुविधाओं के लिए इसका और बेहतर उपयोग किया जा सके।